पडरौना। बिना मानक पूरा किए सड़कों पर फर्राटा भर रहे स्कूल वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा। परिवहन विभाग ने इस पर सख्त रुख अख्तियार किया है। ऐसे वाहनों की सूची तैयार की जा रही है। कागजात पूरे न कराने वाले स्कूल वाहनों को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी है। अब तक बच्चों के नाम पर छूट पाने वाले इन वाहनों की जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की तरफ से जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र से पहले विद्यालय वाहनों की फिटनेस और वैध संचालन सुनिश्चित कराने के लिए संभागीय परिवहन विभाग ने कमर कस ली है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग के साफ निर्देश हैं कि मानक पूरा करने के बाद ही विद्यालय वाहन चला सकेंगे। इससे अवैध रूप से संचालित वाहनों पर ब्रेक लगेगा और हादसे रुकेंगे।
आरआई आरडी प्रसाद वर्मा ने कहा कि अप्रैल में सत्र शुरू होने से पहले सभी स्कूल बस, वैन और अन्य वाहनों की फिटनेस जांच, बीमा, परमिट और चालक के लाइसेंस का सत्यापन किया जाएगा। बिना फिटनेस प्रमाणपत्र या निर्धारित मानकों को पूरा किए कोई भी वाहन सड़कों पर नहीं उतर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में 1667 से पंजीकृत विद्यालय वाहन संचालित हैं। इसमें से करीब 150 ऐसे वाहन भी हैं, जो बिना फिटनेस या नियमों का पालन किए बिना बच्चों को ढो रहे हैं। विभाग का मानना है कि इन्हीं अनियमितताओं के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
0
जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की सूची तैयार की गई है। संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। बिना नियम का पालन किए कोई भी वाहन नहीं चलेगा। सत्र शुरू होने से पहले विद्यालय वाहनों की फिटनेस अनिवार्य है। -मोहम्मद अजीम, एआरटीओ, कुशीनगर।
0
परिवहन विभाग ने की तैयारी
- सभी विद्यालयों से वाहनों की सूची तलब की जाएगी।
- वाहनों पर अनिवार्य रूप से स्कूल बस अंकित कराया जाएगा।
- जीपीएस और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
- चालक और परिचालक का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा।
- ओवरलोडिंग और तय रूट से बाहर संचालन पर सख्त कार्रवाई होगी।
130 स्कूल वाहनों की जांच में पांच मिले अनफिट
पडरौना। एआरटीओ कार्यालय परिसर में शुक्रवार को विशेष कैंप आयोजित कर 130 स्कूल वाहनों की जांच की गई। पांच वाहन अनफिट मिले। वाहन संचालकों को 15 दिन के भीतर कमियों को दूर करने का निर्देश दिए गए।
आरआई आडी प्रसाद वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय में विशेष कैंप में विभिन्न स्कूलों के 130 वाहनों की तकनीकी जांच की गई। पांच वाहन अनफिट मिले हैं। संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य व प्रबंधक को 15 दिन के भीतर कमियों को दूर कर फिटनेस प्रमाण पत्र लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान आए स्कूल बस चालक एवं परिचालकों का नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य कार्ड दिए गए। उन्होंने चेताया कि जिले में संचालित सभी स्कूली वाहन शासन की तरफ से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। जांच के दौरान यदि कोई वाहन स्कूल वाहन मानक के अनुरूप नहीं मिला तो संबंधित के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।