खड्डा। क्षेत्र के एक गांव में फरमाइशी गीत नहीं बजाने पर मनबढ़ों ने नर्तकी की स्टेज पर चढ़कर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके पति को भी नहीं बख्शा। घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया। नर्तकी के पति ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा निवासी एक युवक की पत्नी खड्डा के लक्ष्मीपुर पडरहवा गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम में गई थी। वह मंच पर नृत्य प्रस्तुत कर रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ मनबढ़ युवक पहुंचे और अपने पसंद की गीत बजाने के लिए कहने लगे। नर्तकी के पति ने कहा कि अभी जो गाना चल रहा है यह खत्म होने के बाद जो आप लोग कह रहे हैं वह भी गीत बजा दूंगा।
इसी बात पर युवक भड़क गए और स्टेज पर चढ़कर डांस कर रही नर्तकी की पिटाई करने लगे। मारपीट होने से भगदड़ मच गई। बीच-बचाव करने आए इसके पति को भी मनबढ़ों ने नहीं बख्शा। नर्तकी के पति ने पुलिस को नामजद तहरीर दिया है। थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है।