कसया। थाना क्षेत्र के नैका छपरा अमरपुर निवासी मृतक निशांत सिंह के घर शनिवार जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार आपके साथ है, किसी भी कीमत पर आरोपी नहीं बचेंगे। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए परिवार के लोगों को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया।
कसया थाना क्षेत्र के गांव नैका छपरा के टोला अमरपुर निवासी निशांत सिंंह का जुड़वनिया गांव के समीप 31 दिसंबर को दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था। जिससे निशांत की मौत हो गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही दोनों गांव में कई थानों की फोर्स और पीएससी की तैनाती की गई थी। कई दिनों तक गांव में तनाव का माहौल रहा।
पीड़ित परिवार से प्रभारी मंत्री ने मिलकर ढांढस बंधाया। मृतक की मां से आरोपियों पर कठाेर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक पीएन पाठक, विधायक विवेकानंद पांडेय, मोहन वर्मा, विनय कुमार गौंड आदि मौजूद रहे।