पडरौना। जिले के प्रभारी मंत्री और बेसिक शिक्षा, ऊर्जा और बाल विकास राज्यमंत्री वसीम अहमद ने बुधवार को जनपद मुख्यालय पर समाजवादी विकास दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीबों, असहायों, निर्बलाें सहित समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। सपा सरकार ने समाज के सभी वर्गों के चौतरफा उत्थान के लिए प्रयास किया है।
समाजवादी विकास दिवस के जरिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच रखी जा रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री ने जिला समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, उद्यान, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न महकमों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। इस कार्यक्रम को एमएलसी रामअवध यादव, डीएम लोकेश एम, एसपी दीपक कुमार भट्ट और सीडीओ केदारनाथ सिंह सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
इस दौरान सीएमओ डॉ. अखिलेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रामपाल यादव, विधायक पूर्णमासी देहाती, डीपीआरओ आरके भारती सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को ब्लॉक पर समाजवादी विकास दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मौजूद लोगों ने सपा सरकार की उपलब्धियां बताईं। क्षेत्रीय विधायक पूर्णमासी देहाती ने कहा कि सपा ने चुनाव से पूर्व जितने भी वादे किए थे, उन सभी को पूरा किया।
उसके इतर भी अनेंक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में एसडीएम सचिन कुमार सिंह, तहसीलदार बीएन सिंह, बीडीओ राजाराम, घनश्याम यादव, डॉ. एलटी यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
दुदही प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय परिसर में समाजवादी विकास दिवस पूर्व सांसद बालेश्वर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में किए अपने सभी वादों को पूरा किया है।
सरकार अभी और कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को संचालित करने वाली है। इस कार्यक्रम में ओमप्रकाश वर्मा, गिरिजेश जायसवाल, बीडीओ संजय श्रीवास्तव, एडीओ अरुण यादव, ग्राम विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह, मिथिलेश मल्ल, जेपी सिंह, समरजीत सिंह, विजय गौतम, हरेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।