संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के पड़री पिपरपाती गांव में बढ़ेया छापर में विवाहिता की मौत हैंगिंग से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई। मंगलवार की देर शाम शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इस घटना के बाद अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
बिहार के लौरिया थाना क्षेत्र के डुमरा माठ गांव निवासी अवध किशोर पासवान ने अपनी छोटी लड़की नूतन (25) की शादी 20 जून को की थी। सोमवार की शाम करीब पांच बजे नूतन ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घरवाले नहीं थे। कुछ देर बाद महिला का पति दुलम आया तो देखा नूतन कमरे में छत के कुंडे से फंदा लगाकर लटकी है।
घटना की सूचना के बाद मायके के लोग भी आ गए। शव उतार दिया गया था। मंगलवार की देर शाम को पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की बात सामने आई है।
इस घटना के बाद अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। एसओ आलोक यादव ने बताया कि हैंगिंग से विवाहिता की मौत हुई है। इस मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।