कप्तानगंज। गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थाने रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में सभी क्लास में 30 अप्रैल तक सीट फुल है। यात्रियों की भीड़ देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कराया है, लेकिन इन ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट कम होने का नाम नहीं ले रही है। सहालग और गर्मियों की छुट्टी में यात्रा करना लोगों का सफर मुश्किल भरा हो गया है। कप्तानगंज रेलवे जंक्शन होने के नाते दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कानपुर, लखनऊ, कोलकाता, जम्मू कश्मीर, मुजफ्फरपुर, कोटा, पठानकोट के अलावा लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन होता है। इसके चलते रेलवे स्टेशन पर हर समय यात्रियों की भीड़ रहती है। रेल प्रशासन ने सहालग और गर्मियों की छुट्टी के समय होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण स्पेशल ट्रेनों में भी वेटिंग की लंबी लिस्ट है।
दिल्ली से कप्तानगंज और कप्तानगंज से दिल्ली तक जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस सप्तक्रांति सुपर फास्ट और अमृत भारत एक्सप्रेस में वेटिंग की लंबी लिस्ट है।
इस रूट पर स्पेशल ट्रेन का रेल प्रशासन ने संचालन शुरू कराया है। दिल्ली से कप्तानगंज तक आने वाली स्पेशल ट्रेन में 30 अप्रैल तक स्लीपर कोच में 23 नंबर और थर्ड एसी में 12 नंबर वेटिंग है। कप्तानगंज से दिल्ली तक जाने वाली स्पेशल ट्रेन में स्लीपर में 416, थर्ड एसी में 36 और टू-टियर एसी में 21 सीट खाली है। कप्तानगंज से मुंबई तक जाने वाली अवध एक्सप्रेस के सभी कोच में वेटिंग की लंबी लिस्ट है। मुंबई से कप्तानगंज तक आने वाली में सभी क्लास में नो सीट है।
कप्तानगंज से जम्मू कश्मीर जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस के सभी क्लास में नो सीट है। जम्मू कश्मीर से कप्तानगंज तक आने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस में वेटिंग की लंबी लिस्ट है। कप्तानगंज से मुंबई, कोलकाता, जम्मू कश्मीर रूट के लिए कोई स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं होने से यात्रियों के लिए कोई राहत नहीं है।