राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह की ओर से जान-माल की धमकी देने के मामले में सोमवार को हाटा के सभी पत्रकारों की बैठक ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष मोहन पांडेय की अगुवाई में श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय परिसर में हुई। बैठक के बाद पत्रकारों ने काली पट्टी बांधकर पूरे कस्बे का भ्रमण किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
बैठक को संबोधित करते हुए मोहन पांडेय ने कहा कि पत्रकार दिन रात समाज की सेवा करता है, बदले में उसे सम्मान की बजाय अपमानजनक भाषा और धमकी सुननी पड़ रही है। राजनेताओं को अपनी मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए। बैठक को लालसाहब राव, विद्यासागर सिंह, कालिका दूबे, अंबरीश पांडेय, गंगा सागर शुक्ला, अजय मिश्रा, बृजभूषण मिश्र आदि ने संबोधित किया। बैठक के बाद सभी पत्रकारों ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते हुए नगर का भ्रमण किया। इसके बाद तहसील परिसर में पहुंचकर पत्रकार की सुरक्षा की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार हरिश्चंद्र सिंह को सौंपा गया।
इस मौके पर अशोक मिश्रा, वेदप्रकाश मिश्र, रंजीत सिंह, अशोक सिंह, गुरूदत्त गिरि, अवधेश श्रीवास्तव, उपेंद्र तिवारी, शंभूनाथ, बृजकिशोर गिरि, गौतम मुनि तिवारी, सत्यानंद मिश्र, राधेश्याम शर्मा, रामगोपाल वर्मा, जयप्रकाश, विजय साहनी, आदर्श दूबे सहित हाटा तहसील क्षेत्र के सभी पत्रकार मौजूद रहे।