दिशा की बैठक में बिजली और सफाई का मुद्दा उठा
जनप्रतिनिधियों को सामुदायिक शौचालय, रोजगार मेले आदि की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश
कुशीनगर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें सफाई, बिजली, अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति सहित कई समस्याओं की तरफ जनप्रतिनिधियों ने ध्यान आकृष्ट कराया। इसके अलावा परियोजनाओं को निर्धारित अवधि के भीतर पूरा करने की बात कही। जनप्रतिनिधियों को सामुदायिक शौचालय, रोजगार मेले आदि की सूची उपलब्ध कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे और देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी की सह अध्यक्षता में यह बैठक शुरू हुई। मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, नेशनल हेल्थ मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया के बारे में चर्चा की गई तथा प्रगति की जानकारी ली गई।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सर्वशिक्षा अभियान, मिड डे मील, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने लंबित कार्यों पर जवाब मांगा तथा कार्य पूर्ण करने की लक्ष्य अवधि के बारे में पूछताछ की।
...
इन बिंदुओं पर भी हुई चर्चा
डीएम एस. राजलिंगम और सीडीओ अनुज मलिक ने जनपद की महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से निर्मित उत्पादों एवं कुशीनारा ब्रांड के संदर्भ में जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों से कुशीनारा ब्रांड को प्रोत्साहित करने की अपील की गई। एक्सईएन राष्ट्रीय राजमार्ग गोरखपुर ने जनपद में फ्लाईओवर निर्माण के बारे में जानकारी दी।
बैठक में अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने कार्रवाई की मांग की। देवरिया के सांसद ने तीन महीने के अंदर समस्याओं के निस्तारण और दलित बस्तियों में चौपाल लगाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा पर जोर दिया। कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे ने विद्युत निगम, स्वास्थ्य विभाग व जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं।
...
बैठक में ये रहे मौजूद
दिशा की बैठक में हाटा के विधायक मोहन वर्मा, खड्डा विवेकानंद पांडेय, रामकोला विनय प्रकाश गौड़, कुशीनगर पीएन पाठक, फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम राय, विशुनपुरा के ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।