फाजिलनगर। पावानगर महावीर इंटर काॅलेज के राजमालती स्टेडियम में आयोजित 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। इसमें शौर्य क्रिकेट एकेडमी इंदौर की टीम ने शालूदार एच क्लब मुंबई की टीम को तीन विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इंदौर के खिलाड़ी विवेक सिंह को आलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इंदौर टीम के कप्तान हर्ष त्यागी ने टॉस जीतकर मुंबई की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम निर्धारित 25 ओवरों के मैच में दो गेंद शेष रहते सभी विकेट गंवाकर 230 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसमें हर्ष दीक्षित ने 52 रन, अमन 36 रन, सागर सोलंकी 32, कुलदीप गेही 30 व अभिषेक सिंह 28 रन का योगदान दिया।
इंदौर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए विक्रांत सिंह भदौरिया ने चार विकेट, नवनीत कुमार ने तीन विकेट, विवेक सिंह ने दो और प्रथम सलूजा ने एक विकेट लिए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम ने 14 गेंद शेष रहते सात विकेट गंवाकर मैच जीत लिया। जिसमें विवेक सिंह ने 85 रन, प्रथम सलूजा 44 रन, हिमांशु सिंह 35 रन तथा सम्यक त्रिवेदी ने 27 रनों का योगदान देकर टीम को विजय के करीब पहुंचा दिया।
मुंबई की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सागर सोलंकी, कप्तान आशीष सिंह, विकल्प कन्नौजिया ने दो-दो विकेट तथा भालेराव प्रतीक ने एक विकेट लिए। 85 रनों की पारी खेलते हुए दो विकेट लेने वाले इंदौर के खिलाड़ी विवेक सिंह को मैन ऑफ मैच का पांच हजार रुपये और ट्राॅफी उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय ने प्रदान किया। मैच की अंपायरिंग बीसीसीआई पैनल के अंपायर एपी सिंह व सतीश कुमार पांडेय ने किया, जबकि थर्ड अंपायर अशोक शर्मा रहे।
मैच की स्कोरिंग बीसीसीआई के स्कोरर एसपी सिंह ने किया। कमेंट्री मोहम्मद अलम, गुड्डू पांडेय व आईपीएल के कमेंटेटर सुमित कुमार मिश्रा ने किया। मैच का लाइव प्रसारण सचिन यादव, प्रभारी सिंह, संदीप यादव द्वारा किया जा रहा है। स्कोर बोर्ड का संचालन अयान ने किया। इस दौरान आयोजन समिति के संरक्षक रिटायर्ड आरटीओ अजय त्रिपाठी, विकेश मिश्रा, अभय त्रिपाठी, दिवाकर मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।