कोटेदार की सूची से अंत्योदय राशनकार्ड कटने से नाराज एक व्यक्ति ने शनिवार को ग्राम प्रधान के दरवाजे पर अनशन शुरू कर दिया। दुदही क्षेत्र के बैकुंठपुर कोठी गांव के इस व्यक्ति के समर्थन में गांव कुछ और लोग भी आ गए हैं।
बैकुंठपुरकोठी निवासी राजेश गौंड़ ने शनिवार को सुबह 10 बजे से ग्राम प्रधान के दरवाजे पर अपनी पत्नी इंदू देवी सहित परिवार के धनंजय, रवि, रोशनी, रानी और सोनी के साथ अनशन शुरू कर दिया। राजेश का कहना था कि वह बाढ़ प्रभावित हैं। प्रशासन ने उन्हें गांव में तीन डिस्मिल जमीन देकर विस्थापित किया है। उनकी मां के नाम से अंत्योदय राशनकार्ड था। दो वर्ष पहले उनकी मां की मौत हो गई। जनवरी में उन्हें राशनकार्ड मिला भी है, लेकिन वर्तमान में उनका नाम पात्र गृहस्थी में हो गया है। उनके समर्थन में गांव के 55 वर्षीय वंशीधर गौंड़ भी अनशन कर रहे हैं। राजेश ने ग्राम प्रधान पर राशनकार्ड से नाम कटवाने का आरोप लगाया है।