पिपरा कनक। कुश्ाीनगर जिले के टहेरवा थाना क्षेत्र के गंगुआ मठिया गांव के एक युवती की शुक्रवार की रात में मौत हो गई। शनिवार को शव दफनाने के लिए लोग कब्रिस्तान पहुंचे थे। इसी दौरान बगल के गांव का एक युवक पहुंचा और युवती को अपनी पत्नी बताते हुए निकाह का दावा करने लगा। युवक की सूचना पर पटहेरवा पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवक ने घर वालों पर युवती की हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने मृत युवती के भाई व पिता को पूछताछ क लिए हिरासत में ले लिया। युवक शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है।
गंगुआ मठिया निवासी निजामुद्दीन की 20 वर्षीया पुत्री जुबैदा खातुन की शुक्रवार की रात में मौत हो गई। शनिवार को घर व गांव के तमाम लोग शव दफनाने के लिए कब्रिस्तान पहुंचे थे। शव को मिट्टी देने की प्रकिया चल रही थी कि तब तक बगल के गांव हरपुर का रहने वाला औरंगजेब नाम का युवक वहां पहुंचा और जुबैदा को अपनी पत्नी बताने लगा। युवक का दावा था कि कुछ दिन पहले कानपुर में उसने जुबैदा से निकाह किया था। उसने कोर्ट मैरिज भी की है। युवक ने पटहेरवा पुलिस को भी सूचना देते हुए जुबैदा के घरवालों पर हत्या का आरोप लगाया। मामला गरमाता देख लोग जल्दी-जल्दी मिट्टी देकर वहां से खिसकने लगे। इसी दौरान पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मृतका के पिता व भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। युवक ने पटहेरवा पुलिस को तहरीर देते हुए शव के पोस्टमार्टम की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि युवक की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर मृतका के पिता व भाई को पूछताछ के लिए हिरासत मे लिया गया है। सक्षम अधिकारी की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच होगी।