लक्ष्मीपुर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गोड़रिया में शराब पीने के बाद युवक पर दो दोस्तों ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। झुलसे युवक के सेहत में सुधार है, उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं पुलिस ने ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाले दोनों आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बंगालीपट्टी गांव निवासी 19 वर्षीय दुर्गेश कुमार को गांव का रहने वाला दूधनाथ शराब पीने की बात कह गोड़रिया बाजार में शुक्रवार की शाम को ले गया। वहां पर दूधनाथ नौका टोला ठाड़ीभार निवासी ट्रक चालक नितेश भारती को फोन कर बुला लिया।
तीनों के एक साथ शराब पीए और आपस में में कहासुनी करने लगे। साथ में ज्वलनशील पदार्थ लेकर गए दूधनाथ दुर्गेश के चेहरे पर फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से भाग निकले। शनिवार को सुबह लक्ष्मीपुर गन्ना तौल केंद्र के समीप अचेत दुर्गेश मिला। पुलिस दुर्गेश के पिता की तहरीर पर दोनों दोस्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया। विशुनपुरा थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।