पडरौना। भाजपा सरकार ने विद्यालयों के कायाकल्प को अभियान के रूप में लिया है। जर्जर विद्यालय भवनों के जीर्णोद्धार से लेकर शिक्षण कक्षों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम तेजी से किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
ये बातें राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने कहीं। वे शुक्रवार को नेहरू इंटर कॉलेज मंसाछापर में आयोजित शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में विकास कार्य कराना केवल कागजी प्रक्रिया पूरी करने तक सीमित नहीं है। फाइलों की संस्तुति से लेकर शासन स्तर पर पैरवी और धनराशि स्वीकृत कराने तक जनप्रतिनिधि को लगातार प्रयास करना पड़ता है।
शिलान्यास समाराेह को विशुनपुरा ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव उर्फ गौतम, आदि ने संबोधित किया। समारोह की अध्यक्षता श्याम मुरली मनोहर मिश्र और संचालन हनुमान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल ने किया। इसके पहले प्रधानाचार्य साधु शरण पांडेय ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। अंत में मनोज शर्मा सारस्वत ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया।