एक झटके में बिखर गए तीन परिवारों के अरमान
कसया/कठकुइयां(कुशीनगर)। जिले के तीन परिवारों के अरमान एक झटके में बिखर गए। लखनऊ में हादसे का शिकार हुए आकाश कुशवाहा, सत्यम त्रिपाठी और नितेश शर्मा दोस्त थे। तीनों जब मिलते थे, जीवन में ऊंची उड़ान भरने की योजना बनाते थे, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। एक ही साथ पलभर में तीनों की जान चली गई।
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र के नूरपुर बेहटा स्थित ड्रीम वैली के पास किसान पथ पर मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे चिनहट की ओर जा रही कार सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई। हादसे में चालक समेत तीनों कार सवारों की मौत हो गई। तीनों कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान और कसया थानाक्षेत्र के रहने वाले थे। 22 वर्षीय आकाश कुशवाहा पुत्र फौजदार कुशवाहा कसया थाना क्षेत्र के गांव सबया, 22 वर्षीय सत्यम त्रिपाठी पुत्र अजय त्रिपाठी कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के गांव घोरघटिया और 21 वर्षीय निकेश शर्मा पुत्र मुन्नू शर्मा कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के गांव सिकटा बड़गांव के रहने वाले थे। परिवार के लोगों ने बताया कि इनमें आकाश अयोध्या में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) में काम करते थे। सत्यम ट्रांसपोर्ट में काम कर रहे थे तो वहीं निकेश नोएडा क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे थे।
जानकारी के अनुसार सत्यम और निकेश ने मंगलवार को दिन में लखनऊ अपने मित्र से मुलाकात करने की योजना बनाई और परिजनों से यह बात कहकर शाम लगभग छह बजे सत्यम की कार में सवार होकर लखनऊ के लिए निकल पड़े। दोनों ने अयोध्या में रुककर तीसरे दोस्त आकाश को भी गाड़ी में बैठाकर साथ चल दिए। लखनऊ में किसान पथ पर इनकी गाड़ी डंपर से भिड़ गई।
बुधवार भोर में जब इस हादसे की सूचना मृतक परिजनों को हुई तो उनके ऊपर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। एक तरफ रंगों का त्योहार होली मनाने की घर में तैयारी चल रही थी, तो मौत के बाद परिजनों की चीत्कार से मातम छा गया।
आकाश के पिता फौजदार कुशवाहा लकवाग्रस्त हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही दहाड़ मारकर रोने लगे, बोले-मेरी इस लाचारी में सहारे की लाठी ही टूट गई। यही हालात कुछ हद तक हादसे में दो अन्य मृतक परिजनों का भी है। पिता मुन्नू शर्मा ने बताया कि उनके बेटे निकेश ने करियर में क्रिकेट खेल का चुनाव किया था। उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन एक झटके में सबकुछ बिखर गया। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के गांव में गम का माहौल है। सूचना के बाद तीनों के परिजन लखनऊ चले गए हैं।
परिवार का कमाऊ सदस्य था सत्यम
कठकुइयां। कुबेरस्थान थानाक्षेत्र में दो युवकों की सड़क दुघर्टना में मौत से मातम छाया हुआ है। घोरघटिया निवासी सत्यम त्रिपाठी पुत्र अजय त्रिपाठी दो भाइयों में बड़े थे। वहीं घर में कमाऊ सदस्य थे, जिनकी मेहनत से परिवार का भरण-पोषण होता था। पिता तत्काल लखनऊ के लिए निकल लिए, जबकि बूढ़े दादा बार-बार पोते का नाम लेकर मूर्छित हो जा रहे थे। मां बेहोश होकर गिर जा रही थीं।
दूसरी ओर अभिज्ञान कुमार शर्मा उर्फ निकेश पुत्र मुन्नू शर्मा सिकटा के निवासी थे। दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। निकेश के कंधे पर घर की जिम्मेदारी थी। पिता कसया में कान्वेंट स्कूल में पढ़ाते हैं। संवाद
सत्यम त्रिपाठी की फाइल फोटो।- फोटो : KUSHINAGAR
निकेश शर्मा की फाइल फोटो।- फोटो : KUSHINAGAR