मथौली। कस्बे के रानी लक्ष्मीबाई नगर से गुजरी छोटी गंडक नदी के श्मशान घाट का नगर पंचायत की तरफ से सुंदरीकरण होगा। शासन ने 28 लाख रुपये की मंजूरी दे दी है। नगर पंचायत की तरफ से टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस माह के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कस्बे के लोगों को परिजनों के अंतिम संस्कार में सहूलियत होगी।
वित्तीय वर्ष 2023-24 विकास योजना के तहत शासन ने कस्बे के वार्ड नंबर तीन रानी लक्ष्मी बाई नगर से गुजरी छोटी गंडक नदी के मुडिला घाट के पास शहरी अंत्येष्टि स्थल बनाने की स्वीकृति दी है। यहां गंडक नदी के किनारे अंत्येष्टि स्थल के अलावा लोगों के बैठने के लिए सीमेंटेड बेंच और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अंत्येष्टि स्थल के आसपास चारों तरफ पौधारोपण कर सुंदरीकरण किया जाएगा। इन कार्यों के लिए शासन ने 28 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष नवरंग सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए नगर पंचायत की तरफ से टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस माह के अंत तक निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।