उसके बाद नाराज लोगों ने आरोपी के घर पर तोड़फोड़ शुरू कर दिया। उसके परिवार के लोग घर में छुप गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन लोगों को बचाने के लिए भीड़ को रोका, जिससे भीड़ और उग्र हो गई तथा पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उसे चारो ओर से घेर लिया।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी और फायर ब्रिगेड के जवान बुला लिए गए। भीड़ ने घायलों के घर तक बनवाई गई खड़ंजा फोर्स की मौजूदगी में ही उखाड़कर दूसरी तरफ फेंक दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
खड्डा थाना क्षेत्र के रामपुर गोनहा गांव के चौरसिया टोला में मनरेगा के तहत रविवार को खड़ंजा का निर्माण हो रहा था। खड़ंजा बना रहे मजदूर जैसे ही सुरेंद्र प्रजापति के घर तक पहुंचे, उन्होंने निर्माण पर एतराज जताना शुरू कर दिया। सुरेंद्र का आरोप था कि पंचायत मित्र जानबूझकर उनके घर से सटाकर सड़क बनवा रहा है। इस बात को लेकर पंचायत मित्र से उनका झगड़ा होने लगा। लोगों का कहना था कि तभी पंचायत मित्र का भतीजा लाठी लेकर पहुंच गया। उसने सुरेंद्र के सिर पर प्रहार करके उन्हें घायल कर दिया। बीचबचाव करने गईं उनकी पत्नी राबड़ी देवी को भी पीटा। यह बात जैसे ही गांव में फैली, सुरेंद्र के समर्थन में लोग जुट गए और हमला करने के आरोपी पंचायत मित्र को ढूंढने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुुंची और घायलों को खड्डा पीएचसी भेजी, लेकिन उनकी हालत चिंताजनक होने की वजह से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर घटना से नाराज लोगों ने पंचायत मित्र का घर घेर लिया। पुलिस के जवान संख्या में कम होने की वजह से कुछ नहीं कर पा रहे थे। आरोपी के परिवार के लोग दरवाजा बंद कर घर में छिप गए। इसी बीच दोनों घायलों के मौत की अफवाह फैल गई। उसके बाद भीड़ ने आरोपी के घर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति नियंत्रण में न होने पर अन्य कई थानों की पुलिस फोर्स बुलाई गई।
भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस को भी घेर लिया था। वे लोग पुलिस पर आरोपियों की सुरक्षा करने का आरोप लगा रहे थे। देर शाम तक गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी और फायर िब्रगेड के जवान तैनात थे। एएसपी लालसाहब यादव, एसडीएम खड्डा अरुण कुमार राय और सीओ सदर भी पहुंचे।
इस संबंध में एसपी अतुल शर्मा का कहना था कि ग्राम प्रधान सड़क बनवा रहे थे। एक पक्ष की ओर से सड़क चौड़ी कराई गई थी, जिसका विरोध करने पर उन व्यक्तियों ने दंपत्ति को पीट दिया। इसे लेकर भीड़ नाराज हो गई थी। घायल एक व्यक्ति मेडिकल कॉलेज रेफर हो गया है। मुकदमा लिखा जा रहा है। स्थिति अब नियंत्रण में है।