कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया विकास खंड के सौरहा खुर्द गांव में चार दिन पहले अज्ञात बीमारी की चपेट में आकर दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे बीमार हैं। इससे गांव के लोग दहशत में है।
लोगों का कहना है कि इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन इसके बाद भी अभी कोई जिम्मेदार गांव में नहीं पहुंचा। सौरहा गांव के पूरब टोला निवासी शंभू के दो लड़के खेसारी उम्र दो वर्ष और टुनटुन तीन वर्ष की तबियत चार दिन पहले खराब हो गई।
दोनों को बुखार और उल्टी होने लगा तो घरवाले खेसारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेबुआ नौरंगिया ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। टुनटुन की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इसके अलावा गांव में गोलू पांच वर्ष, सुनील आठ वर्ष, रेनू पांच वर्ष के बीमार होने से लोग दहशत में हैं। इस संबंध में पीएचसी के प्रभारी डॉक्टर विमलेंदु भूषण का कहना है कि गांव में टीम भेजी गई थी। दोबारा गांव में टीम भेजी जाएगी।