पडरौना। शीतलहर ने जिले के लोगों की कंपकंपाहट बढ़ा दी है। बुधवार को भी दिनभर सूर्य देव की किरणें जमीन तक नहीं पहुंचीं। पछुआ हवाओं के चलने से गलनभरी ठंड से लोग परेशान रहे। बाहर निकले लोगों ने खुद को गर्म कपड़ों से ढंककर बचाव किया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक शीतलहर व घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों से बचाव की अपील की है।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटे तक लगातार पारा गिरने का अनुमान है। इसकी वजह से गलन और ठिठुरन बनी रह सकती है। नियमित सुबह की सैर करने वाले लोगों को अपने समय में बदलाव करना चाहिए।
सर्दी का सितम जहां लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है, वहीं घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार को मौसम का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस गिरकर 15 डिग्री सेल्सयस पर पहुंच गया। एक डिग्री सेल्सियस गिरकर न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।