पडरौना। परिवहन विभाग की तरफ से बुधवार को एनएच पर अभियान चलाकर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान निगम और अनुबंधित 26 बस समेत अन्य वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 76 वाहनों का ई-चालान कर उनसे 1.20 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
एसआरटीओ मोहम्मद अजीम ने बताया कि बुधवार को क्षेत्रीय प्रबंधक (रोडवेज) और परिवहन विभाग की तरफ से चलाए जा रहे संयुक्त चेकिंग में एनएच पर संचालित निगम और अनुबंधित की 26 वाहनों के चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान कोई भी चालक नशे में वाहन चलाते नहीं पकड़ा गया।
इसके बाद तमकुहीराज, फाजिलनगर, बाघौचघाट, कसया और पडरौना मार्ग पर बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट के अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने वाले तथा बिना एचएसआरपी नंबर के वाहन चलाने वाले 76 लोगों के वाहन को ई-चालान कर 1.20 लाख रुपये जुर्माना किया गया। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी संचालित रहेगा। वाहन चलाते समय नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।