सुकरौली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में तैनात चौकीदार रामप्रवेश (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गोरखपुर जिले के गगहा निवासी रामप्रवेश विद्यालय में चौकीदार के पद पर तैनात थे। मंगलवार दोपहर गार्ड रूम में उनका शव मिला था। भोजन लेकर उन्हें जगाने पहुंची रसोइया ने काफी प्रयास के बाद भी कोई हलचल नहीं देखी तो वार्डन समेत अन्य कर्मचारियों को जानकारी दी।
इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।