पडरौना। शहरवासियों को बेहतर और स्थिर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विद्युत उपकेंद्र विशुनपुरा में अतिरिक्त पांच एमवीए ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू हो गया है। करीब 1.35 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले इस ट्रांसफार्मर के लगने के बाद उपकेंद्र की कुल क्षमता बढ़कर 15 एमवीए हो जाएगी।
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से विशुनपुरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग, तार टूटने और बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं में भी राहत मिलने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार, क्षमता बढ़ने के बाद नगर क्षेत्र में अधिक सुचारु और स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
विधायक के प्रतिनिधि संतोष जायसवाल ने बताया कि शहरी क्षेत्र में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। गर्मी और अन्य व्यस्त समय में विद्युत भार बढ़ने से उपभोक्ताओं को कई बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने के बाद उपकेंद्र पर विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पडरौना के विकास और जनसुविधाओं में सुधार के लिए विद्युत व्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता में है। इस दौरान प्रमोद गौतम, धनंजय मौर्य, सोनू राज कुशवाहा और जेई दिलीप मौर्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।