लक्ष्मीगंज। क्षेत्र के चन्दरपुर गांव के अहीर टोली निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार सुबह खजूरिया नहर शाखा में कुसुम्हा गांव के सिवरही के पास उतराता हुआ मिला। लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने शव को बाहर निकाला। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई।
बुधवार को 22 वर्षीय सोनू लखनऊ के लिए घर से निकला था, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह कुसुम्हा गांव के सिवरही के पास खजूरिया नहर में उसका शव मिला। नहर की पुलिया में फंसी शव को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और जेब में मिले आधार कार्ड से युवक की शिनाख्त की।
सोनू कुशवाहा के पिता छोटेलाल कुशवाहा विदेश कमाने गए हैं। सोनू बुधवार दोपहर को कप्तानगंज रेलवे स्टेशन गया था, जहां से वह लखनऊ जाने वाला था। सोनू अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। सोनू की मौत से परिवार में मातम छा गया है। सोनू की मां कमलावती देवी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।