रामकोला। थाना क्षेत्र के सिधावे इंदरपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 11 बजे कमरे में पंखे से लटका 20 वर्षीय युवक का शव मिला। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की सूचना पर आई फॉरेंसिक टीम भी जांच पड़ताल में जुटी है।
रामकोला थाना क्षेत्र के सिधावे इंदरपुर निवासी अरविंद राव का 20 वर्षीय पुत्र निखिल राव इंटर का छात्र था। वह घर पर अकेला था। मंगलवार को वह मां सरिता देवी को उनके मायके पहुंचा कर आया था। जबकि पिता विदेश में हैं। छोटा भाई भी मां के साथ है। बुधवार सुबह दोस्त मिलने आए थे, लेकिन भीतर से निखिल का कमरा बंद देख दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। जब निखिल ने दरवाजा नहीं खोला तो दोस्तों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आए निखिल के बड़े पिता संतोष राव ने रामकोला पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आए रामकोला एसएचओ धनवीर सिंह ने शव को फंदे उतरवाया। तब तक वहां फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में रामकोला एसएचओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।