क्षतिग्रस्त पीपा पुल से जाते छात्र। संवाद
तमकुहीरोड। गोलाघाट में बांसी नदी पर करीब दो माह से पीपा पुल का एप्रोच पांच मीटर धंस गया है। इससे वाहनों का आवागमन इस रास्ते पूरी तरह ठप हो गया है। केवल पैदल और साइकिल सवार लोग ही इस रास्ते आवागमन कर रहे हैं। सेवरही के पिपराघाट एहतमाली गांव स्थित गोलाघाट के बांसी नदी पर पीपा का पुल लगा है। इस रास्ते राजपुर बगहा, राजपुरखास, गोलाघाट, जोगनी, इमिलिया टोला, तीनटोलिया, बुटन टोला, प्रभुनाथ चौराहा, मोतीराय टोला, बेनिया पिपरा, नौका टोला, नरवाजोत आदि गांव के लोग आवागमन करते हैं। क्षेत्र के जोगनी गांव के पास करीब दो माह से इस पुल का एप्रोच पांच मीटर धंस गया है। इससे इस रास्ते वाहनों का आवाजाही पूरी तरह बंद हो गया है।
इस रास्ते केवल पैदल और साइकिल सवार किसी तरह आवाजाही करते हैं। क्षेत्र के राजकिशोर निरंकारी, यमुना सिंह, सरल शर्मा, कमल निषाद, ध्रुव निषाद आदि का कहना है कि लोगों की परेशानी को देखते हुए वह लोग विभागीय अभियंता सहित अधिकारियों से भी पीपे के पुल की मरम्मत के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कही से अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई और न ही पुल का मरम्मत ही हुआ है। अब तो धान की कटाई भी शुरू होने वाली है। ऐसे में इसके क्षतिग्रस्त हिस्से का मरम्मत समय रहते नहीं कराया गया तो क्षेत्र के किसानों का कृषि कार्य भी प्रभावित होगा।