पडरौना।यूपी बोर्ड परीक्षा के सातवें दिन बृहस्पतिवार को परीक्षा केंद्रों पर सख्ती दिखी। खड्डा क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र को सामूहिक नकल के आरोप में डिबार कर दिया गया। यहां के केंद्राध्यक्ष व कक्ष निरीक्षक भी हटा दिए गए। इसके अलावा सचल दल ने एक केंद्र से दो कक्ष निरीक्षकों को कार्यमुक्त किया। एक परीक्षा केंद्र पर दो नकलची पकड़कर रस्टीकेट किए गए।
बृहस्पतिवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की विज्ञान व इंटरमीडिएट के चित्रकला विषय की परीक्षा थी। सचल दल के प्रभारी व डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र ने खड्डा क्षेत्र के कांती देवी इंटर कॉलेज सोहरौना का निरीक्षण किया। डीआईओएस के अनुसार इस केंद्र पर सभी परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका में एक ही प्रश्न के उत्तर लिखे हुए थे। गहन जांच करने पर प्रथम दृष्टया सामूहिक नकल कराने की बात सामने आई। डीआईओएस ने इस केंद्र को डिबार करने की संस्तुति करते हुए यहां के केंद्राध्यक्ष तथा चार कक्ष निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया। इस केंद्र पर होने वाली अगली परीक्षाओं के लिए नए केंद्राध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा सचल दल नंबर तीन के प्रभारी व डॉयट के प्रवक्ता अरुण कुमार ने गायत्री माता इंटर कालेज लछिया परीक्षा केंद्र से दो नकलचियों को पकड़कर रस्टीकेट कर दिया। इसके अलावा उन्होंने सोणभद्र इंटर कॉलेज मटिहनियां में जांच के दौरान दो कक्ष निरीक्षकों के पास परिचय पत्र नहीं होने पर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया। डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र ने कहा कि कांती देवी इंटर कालेज सोहरौना के विरुद्घ कार्रवाई करते हुए बोर्ड को सूचना भेज दी गई है। नकल रोकने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा के सातवें दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल की विज्ञान और इंटरमीडिएट की आलेखन चित्रकला व रंजन कला की परीक्षा थी। इसमें कुल 71854 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7762 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी सचल दल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच की। सुबह साढ़े सात बजे से पौने ग्यारह बजे तक हुई प्रथम पाली की परीक्षा में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 66449 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 59435 ने परीक्षा दी और 7014 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह इंटरमीडिएट में आलेखन चित्रकला में कुल 4849 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4185 शामिल हुए और 664 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट की रंजन कला में कुल 556 परीक्षार्थियों में से 472 शामिल हुए 84 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।