रामकोला। बाहर से जांच और रात में मरीजों को निजी अस्पताल भेजने को लेकर सीएचसी में तनाव बढ़ता जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि दिन में पैथोलॉजी जांच के लिए कुछ युवक चिकित्सकों के आसपास मंडराते हैं। रात में बाहरी लोग मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाने की कोशिश करते हैं। चिकित्सकों के विरोध के बाद माहौल तनावपूर्ण है। अस्पताल प्रशासन ने बाहरी लोगों की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाने की मांग की है।
सोमवार रात कुछ दबंगों ने सीएचसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ दिया। इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की जानकारी होने के बाद चिकित्सा प्रभारी डॉ. एपी गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक जरूरी है, ताकि चिकित्सकों और मरीजों की सुरक्षा बनी रहे। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।