पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज गांव के सामने पडरौना-रामकोला मार्ग पर एक टेंपो को ट्रैक्टर-ट्राली ने ठोकर मार दिया। मंगलवार को दिन के करीब तीन बजे हुई इस दुर्घटना में टेंपो में बैठी तीन छात्राएं घायल हो गईं। वहां मौजूद लोगों ने घायल छात्राओं को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उनका इलाज हुआ।
बताया जा रहा है कि बहादुरगंज गांव के निवासी मनोज की दस वर्षीय पुत्री नीतू, दिनेश मद्घेशिया की नौ वर्षीय पुत्री कल्पना और दिनेश की दस वर्षीय पुत्री राधिका टेंपो से पडरौना की तरफ आ रही थीं। गांव से निकलकर टेंपो जैसे ही पडरौना-रामकोला मार्ग पर चढ़ा, रामकोला की तरफ से सटरिंग का सामान लेकर आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने ठोकर मार दिया, जिससे टेंपो पलट गया। तीनों छात्राएं घायल हो गईं। टेंपो चालक ने ट्रैक्टर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर पुलिस पहुंची और चालक को अपने साथ ले गई।