कसया (कुशीनगर)। टेकुआटार में सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दस से अधिक विभागों के कर्मचारी व अफसर दिन-रात एक किए हैं। 500 से अधिक सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम-एसपी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सीएम योगी कुशीनगर, हाटा और रामकोला विधानसभा क्षेत्र में 525.05 करोड़ की 464 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
जिले के टेकुआटार में 11 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की तैयारी करीब एक सप्ताह से चल रही है। कार्यक्रम स्थल पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी केशव कुमार के अलावा गोरखपुर जोन के डीआईजी एस चन्नपा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं। एसडीएम संतराज सिंह बघेल ने बताया कि दो विशाल जर्मन हैंगर तैयार किए गए हैं। इसमें करीब छह हजार लोगों को बैठने की व्यवस्था है। सीएम के लिए 28×42 फीट का भव्य मंच बनाया जा रहा है, जहां से सीएम लोगों को संबोधित करेंगे। सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए आधुनिक मानकों के अनुरूप हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेलीपैड से दुल्हिन जगरनाथ कुंवरी इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। वहां से सीएम का फ्लीट जनसभा स्थल तक पहुंचने के लिए अलग से मार्ग तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर एक सेफ हाउस, दो स्विस कॉटेज और वीवीआईपी सुविधाओं का भी निर्माण किया जा रहा है। वहीं जिले के विकास की तस्वीर दिखाने के लिए अलग-अलग विभाग की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वीवीआईपी, अधिकारियों और आम नागरिकों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल विकसित किए जा रहे हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
-
विकास प्रदर्शनी का करेंगे निरीक्षण
-सीएम योगी आदित्यनाथ का तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के बाद जिले में यह दूसरा विकास कार्यों के शिलान्यास,लोकार्पण व जनसभा का कार्यक्रम है। कार्यक्रम स्थल पर विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी जो आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंच पर जाने से पहले सीएम विकास प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। प्रदर्शनी में विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
कार्यक्रम स्थल का सांसद ने लिया जायजा
टेकुआटार में चल रही तैयारियों का जायजा कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे और सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने लिया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सांसद ने बन रहे मंच और वाहन पार्किंग की व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। सांसद ने कहा कि वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था हो, नहीं तो भीड़ आने पर पूरी व्यवस्था लड़खड़ा जाती है और लोगों को जाम में परेशान होना पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
-
कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र मे
विधानसभा क्षेत्र परियोजना लागत
कुशीनगर 197 251 करोड़
रामकोला 122 112 करोड़
हाटा 145 161 करोड़