तमकुहीराज। स्थानीय थानाक्षेत्र के सरया खुर्द निवासी 10वीं में पढ़ने वाला एक छात्र बृहस्पतिवार सुबह घर से तमकुहीराज कस्बा स्थित एक स्कूल में पढ़ने के लिए निकला लेकिन लौट कर वापस नहीं गया। देर शाम तक किशोर घर वापस नहीं लौटा तो परिजन को अनहोनी की चिंता सताने लगी।
परिजनों ने गायब किशोर की तलाश अपने परिचितों व रिश्तेदारों से संपर्क कर खोजने का काफी प्रयास किए बावजूद इसके शुक्रवार शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार शाम पीड़ित परिजनों ने करवाई की गुहार लगाई है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र सरया खुर्द निवासी सेराज अंसारी का इकलौता बेटा सलमान (16) तमकुहीराज कस्बा स्थित एक निजी स्कूल में 10वीं का छात्र है। रोज की भांति बृहस्पतिवार सुबह सलमान घर से स्कूल जाने के लिए निकला। देर शाम तक लौट कर वापस घर नहीं गया। देर शाम तक किशोर के घर नहीं पहुंचने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए।
परिजनों ने स्कूल प्रबन्धन से संपर्क किया तो पता चला कि वह बृहस्पतिवार को पढ़ने के लिए स्कूल नहीं आया था। इसके बाद अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजन पूरी रात अपने रिश्तेदारों, परिचितों व किशोर के मित्रों के अलावे हर संभावित स्थान पर उसकी तलाश किया लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
शुक्रवार शाम पीड़ित परिजनों ने तमकुहीराज पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की गुहार लगाई।पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर किशोर के तलाश में जुट गई हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष तमकुहीराज दिनेश साहनी ने बताया किशोर की तलाश में पुलिस टीम सक्रिय है। सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद कुछ क्लू पुलिस के हाथ लगे है। शीघ्र किशोर को बरामद किया जाएगा।