पकड़ियार बाजार। गांव के श्मशान घाट के पास बाजार का अपशिष्ट फेंकने पर गांव के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने शुक्रवार की सुबह प्रदर्शन कर परिसर में साफ-सफाई कराने और यहां कूड़ा फेकने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि गांव के श्मशान घाट पकड़ियार गांव से करीब दो किलोमीटर दूर चकचिंतामणी गांव के गोबरहवा टोले के पास बना है। इसका उपयोग लोग परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए करते हैं। लोगों ने कहा कि बीते कई दिनों से चौराहे पर लगने वाले बाजार का अपशिष्ट पदार्थ वहां फेका जा रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान हरी गुप्ता ने अधिकारियों को घटना की सूचना दी। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गांव के संजय, रामश्रय, बृजा, रामप्रकाश, भोला, रतन, गोबरी, अमित, गोपाली, चानबली आदि ने आरोप लगाया कि यह श्मशान की पवित्रता भंग करने का जानबूझकर किया गया प्रयास है। इस संबंध में ग्राम प्रधान नितेश चौधरी ने कहा कि कचड़ा गिराने वाले मजदूर ने अनजाने में वहां फेका गया है। लोगों का आरोप बेबुनियाद है।