बनकटा क्षेत्र के मुसहर टोली में बेटी की मौत के बाद दरवाजे पर बच्चों के साथ बैठे परिजन।
बनकटा बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के बलियवा गांव के टोला मुसहरी टोला में 16 अक्तूबर को संदिग्ध हालत में घर से पुलिस ने किशोरी का शव बरामद किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से (हैंगिंग) किशोरी के मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस को किशोरी की मां ने बताया कि उसकी बेटी मानसिक रूप से बीमार थी। परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
बृहस्पतिवार को दरवाजे पर बैठे किशोरी की मां और पिता ने बताया कि इतने दिन का साथ बेटी का था। वह छोड़कर चली गई, अब किस पर कार्रवाई कराई जाए। मुसहरी टोला निवासी कमलेश चौहान अपने परिवार की जीविका के लिए बाहर रहते हैं। इनकी पत्नी छोटी बेटी को लेकर विंध्याचल चली गई थी। घर पर 15 वर्षीय रेखा, आठ वर्षीय बेटा ही थे। 16 अक्तूबर को सुबह भाई बकरी चराने चला गया, घर पर अकेली रेखा थी।
पिता कमलेश चौहान ने बताया कि बेटा जब बकरी चराकर आया तो घर में बिजली के तार के फंदे में रेखा का शव लटका देखा। उसने पड़ोस के लोगों को जानकारी दी और शव को लोगों के सहयोग से नीचे उतारा। गांव के लोगों ने कमलेश को फोन कर जानकारी दी लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। उन्होंने बताया कि पुलिस के डर से घर में ताला बंद कर रेखा का भाई भाग गया और गांव वाले भी कुछ बताने से परहेज करने लगे।
बिस्तर पर तार पड़ा था और गले पर निशान था। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर शव को कब्जे में लिया। कमलेश चौहान ने बताया कि 19 अक्तूबर को घर आया। पुलिस को किशोरी की मां संगीता देवी ने बताया कि बेटी की मानसिक हालत ठीक नहीं था। इसलिए उसने खुदकुशी कर ली।
थानाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति ने बताया कि फांसी लगाकर किशोरी खुदकुशी की थी। घर वालों ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर थी।