तकनीकी जांच में ओवरस्पीड सामने आई, पहले छोटे फिर बड़े पेड़ से टकराई कार
जिला दुर्घटना जांच समिति ने जुटाए हादसे से जुड़े तथ्य, नहीं लगाए थे सीट बेल्ट
पडरौना। रामभार स्तूप के आगे हुए भीषण कार हादसे की प्रारंभिक तकनीकी जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना गया है। जिला दुर्घटना जांच समिति के अनुसार, अनियंत्रित कार पहले छोटे पेड़ से टकराई और फिर बड़े पेड़ से भिड़ गई। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का चेचिस तक मुड़ गया।
एआरटीओ डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला दुर्घटना जांच समिति ने दुर्घटनास्थल और वाहन से जुड़े तथ्यों की प्रारंभिक जांच की है। इसमें ओवरस्पीड हादसे की प्रमुख वजह सामने आई है। टक्कर की तीव्रता से कार के चेचिस को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के अन्य पहलुओं की विभागीय जांच की जा रही है।
देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के मठिया रति गांव निवासी नितेश प्रसाद, प्रदीप प्रसाद, अंकित प्रसाद, देउरवा गांव निवासी अंकित यादव, गढ़रामपुर निवासी आदित्य कन्नौजिया और संजीव शर्मा समेत सात युवक कार से कसया मेला घूमने आए थे। देर रात घर लौटते समय रामभार पुल से आगे कार अनियंत्रित होकर पेड़ों से टकरा गई। चालक नितेश और प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घायल पांच युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान आदित्य और संजीव ने भी दम तोड़ दिया। तीन घायलों का उपचार चल रहा है।
सीट बेल्ट और एयरबैग की भूमिका भी अहम
भीषण टक्कर में चेचिस मुड़ने से वाहन को हुए नुकसान की गंभीरता सामने आई है। ऐसे हादसों में सीट बेल्ट यात्रियों को झटके के दौरान सुरक्षित रखने और गंभीर चोट का जोखिम घटाने में मदद करती है। एयरबैग भी सीट बेल्ट के साथ मिलकर सुरक्षा देते हैं। हालांकि, इस दुर्घटना में सीट बेल्ट लगी थी या नहीं और एयरबैग खुले थे या नहीं, इस बारे में तकनीकी टीम अभी जांच कर रही है।