नोएडा की टीम ने चार विकेट से जीता उद्घाटन मैच
- शहर में शुरू हुई आठ दिवसीय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता
- पडरौना नगर के उदित नारायण पीजी कॉलेज के मैदान में चल रही प्रतियोगिता
- नोएडा के खिलाड़ी सचिन बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना (कुशीनगर)। छात्र नेता कृष्णा साहा और विमलेश मल्ल की स्मृति में रविवार को पडरौना के यूएनपीजी कॉलेज के मैदान में आठ दिवसीय अंबुजा कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन मैच छपरा और नोएडा की टीम के बीच हुआ है। यह मैच नोएडा की टीम ने चार विकेट से जीता है। नोएडा के खिलाड़ी सचिन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच शुरू होने से पहले आयोजन कमेटी के सदस्य और खिलाड़ियों ने नगर भ्रमण किया। इसके बाद सभी खिलाड़ी खेल मैदान में पहुंचे। यहां मुख्य अतिथि जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल और उदित नारायण पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता मणि त्रिपाठी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई। पहले दिन का मैच छपरा और नोएडा की टीम के बीच हुआ। छपरा की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवरों में 169 रन ही बना सकी। छपरा की टीम के खिलाड़ी गौतम ने चार छक्कों की मदद से 34 रन और चंदन ने तीन चौके व दो छक्कों की मदद से 34 रनों का योगदान दिया।
जवाब में उतरी नोएडा की टीम ने 22 ओवरों में सिर्फ चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नोएडा के खिलाड़ी सचिन ने आठ चौकों की मदद से 55 रन व रोहित ने चार चौकों व दो छक्कों की मदद से 35 रनों का योगदान दिया। इस तरह उद्घाटन मैच नोएडा की टीम ने जीता। नोएडा के खिलाड़ी सचिन मैन ऑफ द मैच चुने गए।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन के लिए बेहतर अवसर होता है। वहीं एक-दूसरे के तालमेल से टीम के खिलाड़ी अपना उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अंत में जीत हासिल करते हैं।
प्राचार्य ने कहा कि खेल टीम भावना को मजबूत करता है। यह खिलाड़ी को प्रदर्शन करने का अवसर देता है। पहले दिन के मैच में अंपायर सतीश रावत व आदित्य यादव रहे। स्कोरर के रूप में अभिषेक गैरी रहे, जबकि कमेंट्री प्रिंस तिवारी ने की।
इस अवसर पर मन्नू सिंह चंदेल, व्यवसायी विक्रम अग्रवाल, मनीष जायसवाल, सतीश साहा, मुरारी जायसवाल, ऋषिकेष मिश्रा, समशेर मल्ल, पाली चौरसिया, गौरव तिवारी, धीरज पाठक, कृष्ण मुरारी जायसवाल, रितेश, मनीष गुप्ता, मंटू बाबा, प्रवीण मिश्रा उर्फ गुंजन, मंटू तिवारी, सदाशिव मणि त्रिपाठी, सौरभ, अजय, लिंकन सिंह, गोल्डी जायसवाल, अभय सिंह, विकास जायसवाल, सीके पाठक, मनीष तिवारी, अनीश आलम, जितेंद्र, प्रमोद, सुरेश सहित अन्य लोग मौजूद थे।