रामकोला। रामकोला सीएचसी पर सामान्य जांच कराने आये एक 38 वर्षीय शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शिक्षक आजमगढ़ जिले के निवासी थे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामकोला ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय धरमौली पर तैनात शिक्षक जितेंद्र कुमार, जो ग्राम सभा पुरागड़ेरिया जिला आजमगढ़ के निवासी थे। बृहस्पतिवार को वह सीने में दर्द होने के बाद सामान्य जांच कराने सीएचसी आए थे। अस्पताल में तैनात डॉ. रजनीश श्रीवास्तव के अनुसार ईसीजी जांच के बाद जितेंद्र कुमार अचेत होकर गिर गए और उनकी हृदय गति रुक गई। काफी प्रयास के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉ. रजनीश ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के कारण शिक्षक की मौत हुई है। घटना की जानकारी होते ही शिक्षक श्रीकांत यादव, योगेंद्र शुक्ल, इंद्रजीत गोविंद राव आदि वहां पहुंचे गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे एसओ विनय सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।