पडरौना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के तहत मंगलवार को पुलिस लाइन में योग शिविर का आयोजन किया गया। रिक्रूट आरक्षियों को योग, प्राणायाम और ध्यान के विभिन्न अभ्यास कराए गए तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें स्वस्थ जीवन के मंत्र बताए गए।
एसपी केशव कुमार ने कहा कि शिविर का उद्देश्य रिक्रूट आरक्षियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। शिविर के दौरान आरक्षियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता बढ़ाने और मानसिक एकाग्रता बनाए रखने के लिए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग शरीर को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। पुलिस सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यक्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से सशक्त होना भी आवश्यक है। ऐसे में नियमित योगाभ्यास उनकी कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।