तमकुहीराज। स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय सभागार में बृहस्पतिवार को नगर पंचायत तमकुहीराज में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें चेयरमैन जेपी गुप्ता की अध्यक्षता में सभासदों ने वार्ड में होने वाले विकास का प्रस्ताव रखा। शासन से मिले 15 करोड़ रुपये से नगर के वार्डों में सड़क, बिजली, पेयजल और नाली का निर्माण कराया जाएगा।
चेयरमैन ने बताया कि बोर्ड की बैठक में सभासदों की मांग पर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 3.19 करोड़ , पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत चार करोड़, आकांक्षी नगर योजना के तहत दो करोड़, अंत्येष्टि स्थल के लिए 27 लाख, जल निकासी के लिए दो करोड़, व मलिन बस्ती विकास योजना के लिए एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया।
इसके अलावे मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत पांच करोड़, आकांक्षी नगर योजना के तहत दो करोड़, पेयजल योजना के लिए एक करोड़, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के पांच करोड़ कुल 13 करोड़ का डीपीआर शासन को भेजा जाएगा। शासन से मिले 15 करोड़ की लागत से नगर पंचायत के वार्डों में विकास कार्य शुरू करा दिया गया है।
इस दौरान में प्रभारी ईओ उत्तम वर्मा, सभासद विक्रांत यादव, नजीर अहमद, जैबून निशा, रमेश गुप्ता, रूपेश रावत, अजय सिंह, असगर खान, उपेन्द्र चौहान आदि मौजूद रहे।