कसया प्रतिनिधि के अनुसार, स्टेटिक टीम की तरफ से बृहस्पतिवार को सबया में 41 लोगों की कोराना जांच हुई, जिसमें नौ लोग कोरोना पाजिटिव मिले। सीएचसी में 30 सैंपल की जांच में चार संक्रमित मिले। सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि संक्रमित मरीजों को लक्ष्मीपुर के एलवन अस्पताल भेजा गया है।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बे की रेलवे कॉलोनी में एक, रूद्रपुर में एक और सोहरौना में एक ही परिवार में दो बच्चों की कोरोना जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसी तरह कंटेनमेंट एरिया भी बढ़ी है। संक्रमित मरीजों के गांव-मोहल्लों में सैनिटाइजेशन कराया गया।
कोटवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया विकास खंड के कोटवा कला में एक महिला समेत दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनके गांव को सील कर दिया गया है। संक्रमित व्यक्ति रिपोर्ट आने से पहले ही मुंबई कमाने चला गया है, जबकि महिला आइसोलेट है।
मेंहदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार, सनेरामल छपरा के पूर्वी टोला में बुधवार रात आई रिपोर्ट में छ: और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रामकोला सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शेष कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां दो चरणों में एंटीजन टेस्ट किया, जिसमें दूसरे चक्र में छह लोग संक्रमित मिले हैं।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार, रामकोला सीएचसी पर हुई 48 लोगों की जांच में दो पॉजिटिव मिले। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर शेष कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में डीपीएम आलोक मिश्रा, सीनियर लैब टेक्नीशियन अजय कुशऊवाहा एवं लैब असिस्टेंट छेदी अंसारी ने एंटीजन टेस्ट किया।
दुदही प्रतिनिधि के अनुसार, विशुनपुरा थाना में 39 पुलिस कर्मियों का कोरोना टेस्ट हुआ। इसमें एक पैरोकार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे लक्ष्मीपुर स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय में बने अटैच एल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार, कप्तानगंज थाने का एक 22 वर्षीय कांस्टेबल कोरोना संक्रमित मिला है। एसडीएम अरविंद कुमार की मौजूदगी में तहसीलदार अहमद फरीद खान और एसओ संजय कुमार मिश्रा ने थाने को सील करते हुए 48 घंटे तक हाटस्पाट घोषित कर दिया है। कांस्टेबल का कोरोना टेस्ट कस्बे के गंगा बक्स कनोडिया गांधी इंटर कॉलेज में बने स्टैटिक बूथ पर किया गया।