बांसगांव खाखड़ टोला निवासी आठ वर्षीय कुलदीप में पोलियो जैसे लक्षण मिले।
- फोटो : KUSHINAGAR
सीएमओ बोले, डब्ल्यूएचओ की तरफ से जांच के लिए भेजा गया है स्टूल
अमर उजाला ब्यूरो
दुदही(कुशीनगर)। क्षेत्र के बांसगांव खाखड़ टोला में आठ वर्ष के बालक में पोलियो जैसे लक्षण दिखने से घरवाले परेशान हो गए हैं। सूचना पर डब्ल्यूएचओ और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। टीम ने स्टूल टेस्ट के लिए नमूना लिया।
बांसगांव खाखड़ टोला निवासी उमेश गुप्ता के आठ वर्षीय पुत्र कुलदीप को बुधवार को तेज बुखार हुआ। परिजन उसे दुदही के एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। शनिवार को सुबह बच्चे के पेट और पैर में तेज दर्द हुआ। इसके बाद पडरौना के एक डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक डॉक्टर ने पर्ची पर बच्चे को पोलियो होने की बात लिखते हुए डब्ल्यूएचओ और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। स्वास्थ्य टीम घर पहुंची और स्टूल टेस्ट के लिए सैंपल लिया। नमूने को लखनऊ भेजा जाएगा। दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि बच्चे को लकवा की शिकायत लग रही है। जांच रिपोर्ट मिलने पर बीमारी स्पष्ट होगी।
सीएमओ डॉ. हरिचरण सिंह ने बताया कि पोलियो हमारे देश से उन्मूलित हो चुका है। कई वर्षों से इसका कोई केस नहीं मिला। बच्चे में जो लक्षण बताए जा रहे हैं वह लकवा यानि एक्यूट फ्लोटिया पैरालिसिस हो सकता है। अत्यधिक बुखार या कमजोरी की दशा में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
डब्ल्यूएचओ के फील्ड मॉनिटर रितेश तिवारी ने बताया कि किसी भी में इस तरह के लक्षण दिखने पर निजी डॉक्टरों को तत्काल डब्ल्यूएचओ को सूचना देने को कहा गया है। इसकी सूचना मिलने पर वह बच्चे के घर गए थे। उसे अत्यधिक बुखार था। उनके साथ गई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीआईएसएफ फार्मेट पर बच्चे का पूरा ब्योरा दर्ज कर उन्होंने स्टूल टेस्ट के लिए नमूना लेकर पीजीआई लखनऊ भेजा गया है।