मंसाछापर। पीएम आवास योजना का लाभ देने के लिए बुधवार से पात्र लाभार्थियों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। इस बार पात्र लाभार्थियों का चयन हो और इसमें मनमानी न हो इसके लिए सरकार ने नई व्यवस्था शुरू की है। पात्र लाभार्थियों के चयन के लिए जिओ टैगिंग कर उसका भौतिक सत्यापन करने के बाद उसकी फोटो भी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। इस बार सत्यापन करने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। अब अगर कोई लाभार्थी अपात्र मिला तो सत्यापन करने वाले कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे।
सरकार ने वर्ष 2011, 2018 के बाद अब फिर से लाभार्थियों का सर्वे शुरू किया है। इस सर्वे के हिसाब से ही लक्ष्य निर्धारित कर लाभ मिलेगा। बुधवार से विशुनपुरा ब्लॉक के 81 ग्राम पंचायतों में सचिवों ने पात्र लाभार्थियों का सर्वे शुरू कर दिया है। इस बार कहीं से कोई गड़बड़ी न हो इसकी भी जांच अलग से कराई जा रही है। इस बार सत्यापन करने वाले कर्मचारियों को लाभार्थियों का सत्यापन करने के बाद उनका आधार और पैन कार्ड भी अपलोड करना है। इस बार आवास प्लस के लिए जो पोर्टल विकसित किया गया है उसमें मौके पर ही जिओ टैगिंग की भी व्यवस्था की गई है।
बीडीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर आवास प्लस का सर्वे शुरू कर दिया गया है। इस बार सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना किसी के दबाव के पात्रों का चयन ईमानदारी से करें।