कुशीनगर। गैर जनपद से आए दो उपनिरीक्षकों को हाईवे से जुड़े मुख्य थाना कसया और तमकुहीराज की थानेदारी सौंपी गई है। पशु तस्करी में लापरवाही और तस्करों से मिलीभगत को लेकर एडीजी मुथा अशोक जैन ने जिले का दौरा कर कुल 25 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया जिसमें दो थानेदार भी शामिल थे, ऐसे में एक सप्ताह से यह दोनों थाने प्रभारी थानाध्यक्षों द्वारा चलाए जा रहे थे। सप्ताह भर से थानेदार विहीन तमकुहीराज और कसया थाने को नए थानेदार मिले हैं। गैर जनपद से आए उपनिरीक्षक सुनील कुमार वर्मा को तमकुहीराज और उपनिरीक्षक अभिनव मिश्रा को कसया थाने का चार्ज दिया गया है।
यह दोनों युवा चेहरे हैं। इसके अलावा इंस्पेक्टर अपराध ब्रजेश यादव को तमकुहीराज से अपराध शाखा पुलिस लाइन भेजा गया है। उप निरीक्षक कसया प्रवेंद्र राय को तमकुही में तैनाती दी गई है। सूत्रों के मुताबिक अब थानों पर तैनाती में नए चेहरों को तरजीह दी जा रही है जिनमें कार्य के प्रति विशेष संजीदगी हो। धीरे-धीरे मुख्य थानों और चौकियों की कमान नए हाथों में ही है। पटहेरवा के थानेदार उपनिरीक्षक विनय कुमार मिश्रा, मधुरिया चौकी इंचार्ज ब्रह्म कुमार उपाध्याय, तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह, सेवरही थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय, खड्डा थानाध्यक्ष, कुबेरस्थान थानाध्यक्ष, समउर चौकी प्रभारी सहित कई अन्य थानों और चौकियों पर नए चेहरों की ही तैनाती है।