कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आते ही जुटी भीड़।संवाद
- फोटो : samvad
कप्तानगंज। गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थावे रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के चलते कोई सीट खाली नहीं है। सहालग (शादियों का सीजन) और गर्मियों की छुट्टियों के वजह से यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर्ज हुई है, इससे सभी ट्रेनों के सभी क्लास में सीटें फुल हो गई हैं। वहीं, रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन तो शुरू किया है, लेकिन इनमें भी वेटिंग लिस्ट कम होने का नाम नहीं ले रही है।
दिल्ली रूट पर स्पेशल ट्रेन ही यात्रियों के लिए सिर्फ सहारा बनी हई हैं। कप्तानगंज रेलवे जंक्शन से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कानपुर, लखनऊ और कोलकाता जैसे बड़े शहरों के लिए ट्रेनों का आवागमन होता है। वर्तमान में दिल्ली जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस, सप्तक्रांति सुपरफास्ट और अमृत भारत एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग चल रही है। राहत की बात यह है कि रेलवे प्रशासन की तरफ स चलाई गई एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन में 30 अप्रैल तक कुछ सीटें उपलब्ध हैं। इस स्पेशल ट्रेन में स्लीपर कोच में 284, थर्ड एसी में आठ और टू-टियर एसी में 18 सीटें खाली हैं, जो दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए एकमात्र विकल्प बची है।
कप्तानगंज से मुंबई जाने वाली अवध एक्सप्रेस के सभी कोचों में लंबी वेटिंग है, जबकि मुंबई से वापस आने वाली ट्रेनों में नो सीट की स्थिति बनी हुई है। इसी तरह, जम्मू-कश्मीर जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस में भी किसी भी क्लास में जगह नहीं है। स्पेशल ट्रेनों की कमी से परेशान यात्रियों का कहना है कि मुंबई, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर रूट पर कोई अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई गई है, जिसके कारण इन जगहों के लिए यात्रा करना काफी मुश्किल हो गया है। रेलवे स्टेशन पर हर समय यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है और कंफर्म टिकट न मिलने के कारण लोग मजबूरी में वेटिंग टिकट पर सफर करने को तैयार हैं।