पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर बाइक सवार को बचाने में ओवरलोड ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने से सपहा उपकेंद्र की सप्लाई ठप हो गई।
रविवार को नौरंगिया गन्ना तौल केंद्र से गन्ना लेकर ट्राला रामकोला चीनी मिल पर जा रहा था। खानुछपरा के पास बीच सड़क में एक बाइक बंद हो गई। बाइक सवार को बचाने के लिए ड्राइवर बगल से निकलने का प्रयास किया। लेकिन ओवरलोड होने के चलते ट्राला अनियंत्रित होकर रोड के किनारे पलट गया। कुर्मी पट्टी पावर ट्रांसमिशन सेंटर से विद्युत उप केन्द्र सपहा को जाने वाली 33 केवीए की लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर पोल में फंस जाने से ड्राइवर राजेश यादव उसमें उलझ गया। राहगीरों ने काफी मशक्कत कर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। उपकेंद्र से जुड़े गांवों की बिजली सप्लाई बाधित रही।ﱴ