उजारनाथ। क्षेत्र के तुर्कपट्टी-पटहेरिया मार्ग पर ठाकुर चौराहा पर गन्ना लदा ट्राला ओवरलोड होने के चलते सड़क पर बुधवार को भोर में पलट गया। सड़क पर गन्ना बिखर गया। इसमें मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस और बोलेरो टकरा गई।
एंबुलेंस चालक और इसमें मौजूद गर्भवती समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर आई पुलिस ने सड़क से गन्ने को किनारे कराया और घायलों को अपनी जीप से अस्पताल पहुंचाया, जहां से घायलों का इलाज चल रहा है। एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। महाराजगंज जिले से गन्ना लेकर ट्राला और ट्रैक्टर बिहार के गोपालगंज जिले के सासामूसा शुगर मिल पर जा रहा था। अभी वह ठाकुर चौराहा के पास पहुंचा था कि गन्ना ओवरलोड होने के कारण ट्राला सड़क पर पलट गया और गन्ना बिखर गया।
बुधवार को भोर में करीब चार बजे तमकुहीराज के एक निजी अस्पताल से गर्भवती महिला को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज लेकर आ रही प्राइवेट एंबुलेंस ट्राला से टकरा गई।
इसमें सवार चालक, गर्भवती महिला समेत चार लोग घायल हो गए, वहीं उधर से गुजर रही बोलेरो भी ट्राला से टकरा गई। पुलिस के अनुसार बोलेरो में सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आई है।