गोरखपुर। पीएमश्री एडी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में मंगलवार को मंडल स्तरीय कला उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत हुए आयोजन में गोरखपुर मंडल के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के विद्यार्थियों ने 12 विधाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मंडल नोडल माया ने बताया कि कला उत्सव में चारों जिलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग किया।
संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह ने कला उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश गुप्ता ने कहा कि कला विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती है। लोक नृत्य में पीएमश्री एडी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की अंशिका, रिया, प्रिया और सृष्टि प्रथम रहीं। लोक गायन में इसी विद्यालय की वैभवी, पूजा, गरिमा और इशरत ने पहला स्थान प्राप्त किया। एकल गायन में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के हृदयांश और स्वर वाद्य में रुद्रांश प्रथम रहे। समूह वादन में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के दिव्यांश, शशांक, फिरोज और अंश ने पहला स्थान पाया। त्रिआयामी कला में पीएम श्री चंपा देवी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हरनही की संजना और स्थानीय खेल-खिलौना व स्थानीय शिल्प में भगवती प्रसाद कन्या महाविद्यालय की मोनिका प्रथम रहीं। शास्त्रीय नृत्य में कुशीनगर की अमृता प्रथम रहीं। पारंपरिक कहानी वाचन में कुशीनगर और नाटक में देवरिया के प्रतिभागी प्रथम रहे।