पडरौना। जनता इंटर कॉलेज डुमरी स्वांगीपट्टी के विद्यार्थियों ने बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय में शिकायत की। इनका आरोप था कि आवेदन पत्र और शुल्क जमा करने के बावजूद विद्यालय की तरफ से हाईस्कूल परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा है।
विद्यालय की छात्रा सोनाली जायसवाल, मनीषा पटेल, आदित्य चौरसिया, विशाल सिंह, रजत केसरी, दिव्यांश मिश्र, करुणानिधि पांडेय, विभव यादव, प्रकाशचंद मिश्र, प्रदीप यादव सहित कई विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम से मिलकर विद्यार्थियों ने अपनी समस्या सुनाई।
इन विद्यार्थियों ने बताया कि जनता इंटर कॉलेज डुमरी स्वांगीपट्टी में रेग्युलर छात्रों के रूप में पंजीकरण हुआ है। आवेदन पत्रों के साथ पूरी फीस विद्यालय में जमा कर दी गई, लेकिन विद्यालय प्रशासन की ओर से प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा है।
परीक्षा से वंचित होने की आशंका जताते हुए छात्रों ने आवश्यक कार्यवाही की मांग की। इस दौरान दुर्गेश सिंह, अभिषेक कुमार, बृजेश कुशवाहा, रोहित और रोशन सहित कुल 15 विद्यार्थी थे।