कुशीनगर। कोतवाली हाटा पुलिस ने गो तस्करों के एक संगठित गिरोह के तीन सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार गैंग लीडर इब्राहिम अंसारी निवासी गडहिया मोहन, थाना तरयासुजान, अपने साथियों मुन्ना कुमार गुप्ता निवासी उसहरी और विशाल प्रसाद निवासी महुआ पाटनधार (दोनों थाना बरियारपुर, देवरिया) के साथ मिलकर यूपी से बिहार व अन्य स्थानों पर पशुओं की अवैध तस्करी करता था। गिरोह का उद्देश्य गोवंशी पशुओं की तस्करी के माध्यम से आर्थिक और भौतिक लाभ अर्जित करना था।
19 अगस्त 2024 को कोतवाली हाटा पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से गोवंशी पशुओं को वध हेतु ले जाते समय तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मौके से पिकअप बरामद की थी, जिनमें कुल चार जीवित गोवंश लदे हुए थे। इस मामले में थाना हाटा पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से गो-तस्करी में लिप्त थे और अवैध संपत्ति भी अर्जित कर चुके थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।