सोमवार की मध्यरात्रि के बाद आई आंधी-बारिश से काफी क्षति हुई। कई जगह घरों के ऊपर पेड़ गिरने से लोग घायल हो गए। वहीं केले की फसल को भी क्षति पहुंची है। कई जगह बिजली के पोल और तार टूटकर गिर गए, जिससे बिजली-पानी का संकट उत्पन्न हो गया। आंधी-बारिश के चलते पडरौना नगर के गायत्री मंदिर के निकट 11 हजार केवी की लाइन टूटकर गिर गई। इसके चलते सुबह बिजली के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति भी बंद रही। कठकुइयां रोड पर जमालपुर मुहल्ला में कब्रिस्तान के निकट पोल-तार टूटकर गिर गया, इससे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पडरौना-कसया मार्ग पर सोहरौना गांव के पास तार के ऊपर ही पेड़ ढह गया। इस वजह से बिजली आपूर्ति ठप रही। सिरसियां दीक्षित गांव में भी तार के ऊपर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बाड़ी टोला में तार टूटकर जमीन पर गिर गया। इसी तरह जनपद मुख्यालय के निकट बेलवा मिश्र और भिस्वा सरकारी गांव में भी तार टूटकर गिरने से बिजली आपूर्ति बंद रही। एसडीओ पडरौना अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजे तक सभी फाल्ट ठीक कराने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार की मध्य रात को अचानक आंधी-बारिश से काफी क्षति हुई। हथिया गांव में महावीर के घर के ऊपर पाकड़ का पेड़ गिर जाने से वह और उनके परिवारवाले दबकर घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज कराया गया। बड़ी गंडक उस पार के गांव में भी आंधी ने काफी नुकसान किया। किसानों के केले की फसल जमींदोज हो गई। खडडा-नेबुआ मार्ग, खड्डा-पनियहवा मार्ग, खड्डा-सिसवा मार्ग, मठिया-भेड़ी जंगल मार्ग, खड्डा-गैनही जंगल मार्ग, मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर कई पेड़ व डाली गिरने के कारण आवागमन बंद रहा। गांववालों ने उसे काटकर किनारे किया, तब आवागमन शुरू हो सका। आंधी से फटकदौना गांव के निवासी अशोक मालवीय का लगभग पांच सौ केले का पेड़ गिर गया। फटकदौना निवासी मुस्लिम, खदेरू आदि के भी केले की फसल जमींदोज हो गई। बसंतपुर के जवाहिर, मरचहवा के अयूब, इजहार आदि के केले की फसल भी बर्बाद हुई है। क्षेत्र के मठिया, हथिया, करदह, रामनगर, दरगौली, रामपुर जंगल, बैरागीपट्टी, तुर्कहां, पकड़ी बृजलाल, कोपजंगल, चतुरछपरा के किसानों की भी केले की फसल बर्बाद हो गई है। नदी उस पार के बसंतपुर गांव निवासी कन्हैया, कन्हई, चंदा देवी, जवाहिर, ध्रुव, मुंद्रिका, लालू आदि के घरों को नुकसान पहुंचा है। धर्मपुर गांव में आम का विशाल वृक्ष गिर गया। इसके अलावा हनुमानगंज थाना क्षेत्र में बने भीमनगर विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन के आधा दर्जन पोल टूट जाने से कई गांवों की आपूर्ति बाधित है। खड्डा विद्युत उपकेंद्र के खड्डा कस्बा सहित कई गांवों में तारों पर पेड़ गिरने से तार टूट गए हैं।
कई किसानों की केले की फसल बर्बाद
कोटवा बाजार। सोमवार की मध्य रात्रि में आई आंधी-बारिश में नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र देवतहां बाली, बलुअही, बेलवा, रायपुर भैसही, रायपुर सहित कई गांवों में केला की फसल को नुकसान पहुंचा है। इन गांवों के किसान भागीरथी सिंह, ओमप्रकाश सिंह, बिकाऊ कुशवाहा, विनोद विश्वकर्मा, अमरनाथ तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी, मन्नू कुशवाहा, नवाब अंसारी, ग्यासुद्दीन, हजरत, टुन्ना पांडेय, डेबा कुशवाहा, रामप्रसाद, हरिप्रसाद यादव, श्री कुशवाहा, श्री, बजरंगी, रामप्रीत, बनारसी, मदन, भगवंत पासवान, श्रीकांत कुशवाहा, अकलू कुशवाहा, दुखी, अवधेश, रामअवध, श्यामबली यादव, शोभा देवी, गुजरा देवी आदि के केला की फसल नष्ट हो गई है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से फसल क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।