पडरौना। नाग पंचमी के मौके पर 16 व 17 अगस्त को श्री गुरु गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर परिसर में खेल विभाग की तरफ से राज्य स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होगा। विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की तरफ से पुरस्कृत किया जाएगा।
उप क्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी (70 किग्रा से अधिक), उत्तर प्रदेश कुमार (66 से 80 किग्रा) और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु (55 से 65 किग्रा) वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्तर प्रदेश केसरी वर्ग में प्रथम पुरस्कार को 1,01,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार पाने वाले विजेता को 51,000 और तृतीय पुरस्कार पाने वाले विजेता को 21,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं उत्तर प्रदेश कुमार वर्ग में प्रथम पुरस्कार के लिए 1,00,000, द्वितीय पुरस्कार के लिए 51,000 और तृतीय पुरस्कार के लिए 21,000 और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु वर्ग में प्रथम पुरस्कार के लिए 51,000, द्वितीय के लिए 25,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार के लिए 11,000 के साथ गदा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल उत्तर प्रदेश के मूल निवासी खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। खिलाड़ियों को आधार कार्ड की प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। खेल विभाग की तरफ से आवास, भोजन, यात्रा भत्ता एवं अन्य देय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी पहलवानों का वजन 15 अगस्त को दोपहर 12:00 बजे से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में किया जाएगा।