त्योहार पर थानेदार विशेष सतर्कता बरतें : एसपी
पडरौना। एसपी ने रविवार को जिले के सभी थानेदारों के साथ ऑनलाइन मासिक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपराध के आंकड़ों का अवलोकन कर जिले में शांति व कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
थानेदारों को संबोधित करते हुए एसपी विनोद कुमार सिंह ने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना शासन की प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भूमि विवाद संबंधी मामलों में राजस्व कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने, प्रत्येक थाने पर बीटवार गांव, मोहल्ला, चुनाव एवं भूमि विवाद संबंधी रजिस्टर बनाते हुए पूर्व के विवादों और वर्तमान की समस्याओं का विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि थाने पर प्राप्त लिखित व मौखिक शिकायतों से विवादों के प्रकरण छांटकर रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने अवैध कच्ची शराब के निष्कर्षण, भंडारण, परिवहन, बिक्री और मादक पदार्थ की तस्करी पर नियंत्रण लगाने, अवैध शस्त्र व शस्त्र फैक्ट्री के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। टॉप-10 अपराधियों पर नजर रखने, गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट में कड़ी कार्रवाई करने, चोरी, लूट, नकबजनी व वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए घटनाओं का अतिशीघ्र अनावरण करने, वांछित अभियुक्तों, इनामिया, जिलाबदर, एनबीडब्ल्यू के विरुद्ध अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा एसपी ने दीपावली और छठ पूजा को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, वाहनों की जांच समेत विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। इस दौरान एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह, सभी सीओ व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।