पडरौना। तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में नीलगाय व अन्य जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान तथा बिजली की लचर व्यवस्था के विरोध में सोमवार को सपा नेता मधुरश्याम राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम तमकुहीराज को ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीलगाय व अन्य जंगली जानवरों के प्रकोप से किसान परेशान हैं। खेतों में खड़ी फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।इसके अलावा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था भी बदहाल है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित रोस्टर नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश या हवा चलते ही सैकड़ों गांवों में तीन से चार दिन तक बिजली बाधित हो जाती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी सरकारी फोन तक रिसीव नहीं करते, जिससे उपभोक्ताओं को समस्या की जानकारी नहीं मिल पाती।सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन से समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 20 मई से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान जाकिर हुसैन, आनंद यादव, बबलू अली, गोरख निषाद, रंजीत कुमार, राकेश कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।